गाजियाबाद। खुद को अधिवक्ता बताकर गाजियाबाद कचहरी में वकालत करने वाले अजरुद्दीन को 60 हजार की चपत लगाने की घटना सामने आई है। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने उनको जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में उन्होंने कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मसूरी निवासी अजरुद्दीन ने बताया कि न्यायालय में उनकी मुलाकात फरमान से हुई। उसने खुद को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट का अधिवक्ता बताया। आरोपी ने कहा कि यदि उनको कभी दिल्ली तीस हजारी में कोई काम हो तो बता देना। उस पर भरोसा करके उन्हाेंने उसको 24 मई 2025 को एक चालान को निपटवाने के लिए भेजा।
आरोपी ने कहा कि एक लाख से ज्यादा का चालान है, यह मामला 60 हजार में निपटेगा। इसके बाद उन्होंने 22 हजार खाते में और 38 हजार रुपये नकद दे दिए। आरोपी ने पैसा लेने के बाद चालान खत्म नहीं कराया। जब महीनों का समय बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने उससे वार्ता की। इस पर आरोपी ने उनको जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि जांच कराई जा रही है।