गाजियाबाद। दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन से सफर का इंतजार आज खत्म हो रहा है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। 82 किलोमीटर के ट्रैक पर नमो भारत के संचालन से गाजियाबाद के लोगों को दिल्ली और मेरठ जाने के लिए जाम से जूझना नहीं होना पड़ेगा।
इस ट्रेन से गाजियाबाद से सराय काले खां का सफर 19 मिनट तो मोदीपुरम तक का सफर 38 से 40 मिनट में पूरा होगा। गाजियाबाद से रोजाना 20 से 25 हजार लोग दिल्ली और 10 से 15 हजार लोग मेरठ जाते हैं। एनसीआरटीसी के सीपीआरओ पुनीत वत्स का कहना है कि अभी नमो भारत ट्रेन से रोजाना 55 हजार यात्री सफर कर रहे हैं।
पूरे कॉरिडोर पर ट्रेन के संचालन से यह संख्या 80 हजार से ज्यादा हो सकती है। सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक का सफर एक घंटे से कम में पूरा होगा। किराया सूची और समय सारिणी आज जारी होने की उम्मीद है।