हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के भदस्याना गांव के पॉलिटेक्निक के छात्र रोहित (20) की बृहस्पतिवार सुबह गांव के पास ही सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह मेरठ में रहकर पढ़ रहा था। कांवड़ यात्रा के चलते छुट्टी होने पर घर आया था।
सूचना मिलते ही एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि उसके मोबाइल की डिटेल आने के बाद ही कातिलों को पता चल सकेगा।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भद्स्याना गांव निवासी श्रीचंद कोहली करीब 15 साल से गाजियाबाद में विजयनगर की प्राइवेट फैक्ट्री में कपड़ों की सिलाई का काम करते हैं। इनकी पत्नी राजकुमारी गांव में रहती हैं। तीन बेटों में सबसे छोटा रोहित मेरठ बाईपास के पंचवटी कॉलेज में पॉलिटेक्निक द्वितीय वर्ष का छात्र था।
छुट्टी होने पर वह पहले गाजियाबाद में पिता के पास गया था, वहां से वह अपनी विधवा बहन कविता को साथ लेकर मां के पास गांव आया था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 9 बजे मोबाइल पर कॉल आते ही रोहित घर से बाहर निकल गया। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
कुछ ही देर में खबर मिली कि गांव के बाहरी छोर पर इंटर कॉलेज के पीछे खंडहर में रोहित का शव पड़ा हुआ है। उसके सिर में गोली लगी हुई थी। सूचना मिलते ही सीओ संतोष मिश्रा और एसओ रवि रतन मौके पर पहुंच गए। एसओ ने बताया कि श्रीचंद कोहली की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। बहुत जल्द हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।