गाजियाबाद। कविनगर स्थित डीटीसी से सेवानिवृत्त नरेंद्र शर्मा (72) और उनकी पत्नी मधू शर्मा (70) को लहूलुहान करने वाले बदमाश को पुलिस ने उसके साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया है। घायल बदमाश पॉलिटेक्निक पासआउट है। नशे की लत पूरा करने के लिए वह साथी के साथ पहली अपराधिक वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों से सोने की टॉप्स और चेन बरामद की गई है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि 27 नवंबर 2025 की दोपहर नरेंद्र शर्मा के घर में एक बदमाश बैंक का प्रतिनिधि बनकर घुस आया। बदमाश पानी मांगने के बाद नरेंद्र शर्मा व उनकी पत्नी मधु को कमरे में बंधक बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाश ने ब्लेड कटर से हमला कर दंपती को घायल कर दिया था और सोने की टॉप्स व चेन लूटकर बाहर खड़े साथी के साथ भाग गया था।
शनिवार सुबह बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम रवि शर्मा उर्फ लवली (26) और दूसरे ने अपना नाम अंकुर शर्मा उर्फ अंकुर निवासी ग्राम छिजारसी थाना सेक्टर-63 गौतमबुद्धनगर बताया है। आरोपियों के पास से लूटे गए सोने के टॉप्स और चेन बरामद कर ली गई है।
-साजन का संजय दत्त हूं साहब... प्यार में धोखा खाया है-
एसीपी कविनगर ने बताया कि पूछताछ में रवि शर्मा ने बताया कि वह सीआरआरआईटी दिल्ली से पॉलिटेक्निक पासआउट है। वह युवती से प्यार करता था। वह उसे छोड़कर चली गई, जिसके बाद वह गांजा और स्मैक का सेवन करने आदी हो गया। खर्च पूरा करने के लिए लवली शर्मा के नाम से यू-ट्यूब चैनल बनाया। बताया कि वह शायर भी है और यू-ट्यूब चैनल पर शायरी के साथ वीडियो बनाता है। नशे की लत ने उसे लुटेरा बनाया है। उसके दोस्त अंकुर ने बताया था कि नरेंद्र शर्मा के घर में भारी मात्रा में गहने मिलेंगे। उसका साथी व पडोसी अंकुर ने दादरी स्थित एक कॉलेज से बीकॉम किया है और उसकी पत्नी शिक्षिका हैं।