गाजियाबाद। जिले के पुलिसकर्मी जल्द ही सरकारी मोबाइल, टैबलेट और डेस्कटॉप कंप्यूटर से लैस दिखेंगे। इससे मुकदमों की विवेचना के दौरान डिजिटल साक्ष्य को संरक्षित रखने और घटनास्थल की वास्तविक स्थिति परखने में मदद मिलेगी। विवेचना में तेजी आएगी और साक्ष्य को एकत्र रखने में मदद मिलेगी। इनकी खरीद हो चुकी है और 125 टैबलेट 22 थानों को वितरित हो चुके हैं, जबकि 15 टैबलेट की खरीदारी जल्द होगी।
कमिश्नरेट पुलिस के उपनिरीक्षक जल्द ही हाईटेक नजर आएंगे। जिले के सभी 25 थानों के विवेचकों को टैबलेट, मोबाइल और डेस्कटॉप कंप्यूटर सौंपे जाएंगे। इसके लिए मुख्यालय से अनुमति लेकर जैम पोर्टल से खरीदारी कर ली है। कमिश्नरेट पुलिस के बजट से ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदे गए हैं। हाईकोर्ट के निर्देशों के अंतर्गत अब पुलिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 (बीएनएसएस) के तहत पुलिस वाट्सएप या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए आरोपी को नोटिस भेज सकेंगे। इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने थानों में लंबित विवेचना को जल्द से जल्द पूर्ण कर चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में पुलिस ने 700 मोबाइल, 140 टेबलेट और 100 डेस्कटॉप कंप्यूटर खरीदेगी।
125 टैबलेट की खरीदारी हो चुकी है और थानावार वितरित किए जा चुके हैं। 15 टैबलेट और खरीदे जाएंगे। इनकी खरीदारी से विवेचना में शामिल डिजिटल साक्ष्य को सुरक्षित रखने और कोर्ट में दाखिल करने में सहायता मिलेगी। आपराधिक घटनाओं, दंगे, बवाल और अन्य घटनाओं को उपनिरीक्षक मोबाइल से कैमरे में कैद कर सकेंगे। इससे वास्तविक अपराधी की पुष्टि करने में सहायता मिलेगी। अपर पुलिस आयुक्त राजेश कुमार ने बताया कि मोबाइल की खरीदारी एक-दो दिन में हो जाएगी और उप निरीक्षकों को थानावार वितरित किए जाएंगे।