गाजियाबाद। जीडीए की योजनाओं में रिक्त आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की खुली नीलामी शुक्रवार को लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में की गई। सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक चली नीलामी में 27 संपत्तियों की बिक्री हुई। इनमें सात आवासीय भूखंड और अन्य व्यावसायिक संपत्तियों की नीलामी हुई। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि इन संपत्तियों की बिक्री से करीब 69.90 करोड़ की आय हुई है।
उन्होंने बताया कि जीडीए की योजनाओं में रिक्त संपत्तियों की संख्या करीब ढाई सौ है। शुक्रवार को नीलामी में शामिल होने के लिए 124 लोगों ने आवेदन किए थे। नीलाम हुईं संपत्तियां दो से तीन गुना तक महंगे दामों में बिकी हैं। नवरात्र में भी नीलामी शिविर लगाने की योजना चल रही है। शुक्रवार को विभिन्न योजनाओं में रिक्त व्यावसायिक व आवासीय भूखंडों के साथ-साथ कन्वीनियंट शॉपिंग भूखंड, दुकान भूखंड, ग्रुप हाउसिंग भूखंड, मल्टीप्लेक्स भूखंड, ओल्ड एज होम भूखंड, सामुदायिक केंद्र भूखंड, शिक्षण संस्थान व नर्सिंग होम भूखंड, अनुज्ञप्ति (लाइसेंस डीड) के आधार पर पुराना बस अड्डा गाजियाबाद के सामने स्थित ऑटो स्टैंड, सामुदायिक केंद्रों और आरडीसी राजनगर व्हीकल फ्री जोन में निर्मित क्योस्कों एवं इंदिरापुरम विस्तार योजना के आवासीय भूखंडों की नीलामी की गई।
नीलामी में इंदिरापुरम विस्तार योजना के छह आवासीय और इंदिरापुरम योजना के आठ कन्वीनियंट शॉपिंग भूखंड, एक दुकान भूखंड की बिक्री हुई। इसके साथ ही मधुबन-बापूधाम योजना में नौ निर्मित कन्वीनियंट शॉप, स्वर्णजयंतीपुरम योजना का एक आवासीय भूखंड की बिक्री हुई। कर्पूरीपुरम योजना में एक आर्ट गैलरी भूखंड, प्रताप विहार योजना में एक दुकान भूखंड व अनुज्ञप्ति (लाइसेंस डीड) के आधार पर पुराना बस अड्डा गाजियाबाद के सामने स्थित ऑटो स्टैंड की नीलामी उच्चतम बोली पर हुई।