रविवार रात करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर भोजपुर क्षेत्र स्थित गांव अमराला के समीप एक थार कार के डिवाइडर से टकराने की सूचना मिली। जानकारी के बाद डायल 112 पर गाड़ी (पीआरवी) पर तैनात चालक अनुज कुमार व सिपाही पंकज कुमार मौके पर पहुंचें।
बताया गया कि अनुज और पंकज मौके पर पहुंचकर राहत बचाव में जुट गए। इसी बीच अनुज कुमार पीआरवी में रखे फर्स्टऐड बॉक्स को लेने चले गए। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीआरवी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में पीआरवी के परखच्चे उड़ गए और सिपाही अनुज कुमार का एक पैर कटकर अलग हो गया और दूसरा पैर बुरी तरह कुचल गया। मौके पर पहुंची भोजपुर पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सिपाही को अनुज कुमार को मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने अनुज कुमार को मृत घोषित कर दिया।
सिपाही अनुज कुमार वर्ष 2011 बैच के थे और मूल रूप से जनपद मुजफ्फरनगर स्थित नई मंडी कोतवाली क्षेत्र नेहगाढ़ी के रहने वाले थे। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।