गाजियाबाद। शहर की सड़कों पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए जिले की यातायात पुलिस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद लेगी। दूसरे शब्दों में कहें तो यातायात अब एआई से संचालित होगा। इसके लिए पुलिस विशेष सॉफ्टवेयर तैयार करवा रही है और वह गूगल मैप के माध्यम से जाम वाले स्थानों की पहचान करेगा। संबंधित स्थान पर तैनात ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (टीएसआई) को तत्काल नोटिफिकेशन जाएगा और वह मौके पर पहुंचकर जाम खुलने तक यातायात व्यवस्था संभालेंगे। पुलिस इसी यातायात महीने में इस व्यवस्था को शुरू करने की तैयारी में जुटी है।
दरअसल, जिले में रोजाना लाखों लोग नौकरी, कारोबार और अन्य काम के सिलसिले में सड़कों पर सफर करते हैं। पीक आवर्स में प्रमुख चौराहों, बाजारों, औद्योगिक क्षेत्रों और दिल्ली से जुड़ने वाले मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लंबा जाम लग जाता है। कई बार पुलिस को जाम की सूचना मिलने और मौके पर पहुंचने में समय लग जाता है। ऐसे में नई व्यवस्था के लागू होने से जाम की पहचान और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बीच का समय कम करने में मदद मिलेगी। खास बात यह होगी कि पुलिसकर्मी केवल मौके पर पहुंचकर औपचारिकता पूरी नहीं करेंगे, बल्कि जाम खत्म होने और यातायात सामान्य होने तक वहां मौजूद रहेंगे।
-
इन स्थानों पर लगता है सबसे ज्यादा जाम
गाजियाबाद में जाम की समस्या मुख्य रूप से एनएच-9, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़े संपर्क मार्गों, यूपी गेट, लालकुआं, राजनगर एक्सटेंशन, मेरठ रोड, मोहन नगर, वसुंधरा, वैशाली, इंदिरापुरम सीआईएसएफ रोड, लाल कुआं, छिजारसी कट, नोएडा सेक्टर-62 कट के पास और साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र के आसपास देखने को मिलती है। इसके अलावा स्कूलों की छुट्टी, कार्यालयों के खुलने और बंद होने के समय तथा बाजारों में भीड़ बढ़ने पर यातायात प्रभावित होता है।
- इस महीने एआई की मदद से गाजियाबाद के जाम को खत्म करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए एक विशेष सॉफ्टेवयर तैयार किया जा रहा है, जो गूगल मैप की मदद से जाम को देखकर यातायात पुलिस को अलर्ट करने का काम करेगा। - राज करन नय्यर, अतिरिक्ति पुलिस आयुक्त, गाजियाबाद कमिश्ननेट