मोदीनगर। नगर के शारदा पैलेस निवासी कारोबारी प्रिंस सिंघल के घर से लगभग दो महीने पहले गहने और नकदी चोरी होने के मामले में पुलिस आरोपियों का नार्को टेस्ट कराएगी। कारोबारी ने घरेलू सहायिका और उसकी बेटी पर गहने चोरी करने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी घरेलू सहायिका ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था।
शारदा पैलेस निवासी कपड़ा कारोबारी प्रिंस सिंघल के घर से बीती सितंबर में लगभग 20 लाख रुपये कीमत से अधिक के सोने व हीरे के गहने और नकदी चोरी हो गई थी। कारोबारी ने अपनी घरेलू सहायिका और उसकी बेटी के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बार-बार अपने बयान बदले। कार्रवाई शुरू होने के बाद आरोपी घरेलू सहायिका ने कारोबारी पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। घरेलू सहायिका के समर्थन में एक संगठन ने थाने पर प्रदर्शन किया था।
उधर, घटना का खुलासा न होने से व्यापारिक संगठनों में आक्रोश है। व्यापारियों ने घटना के खुलासे के लिए डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी को ज्ञापन भी दिया था। पुलिस ने मामले में आरोपियों के नार्को टेस्ट कराने का निर्णय लिया है। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि इस मामले में नार्को टेस्ट कराने की तैयारी की जा रही है।