निवाड़ी पुलिस ने 15 दिन पूर्व मोदीनगर पालिकाध्यक्ष विनोद वैशाली की फैक्टरी में हुई लूट का खुलासा बुधवार को कर दिया। लूट को अंजाम नगर पालिकाध्यक्ष के यहां टाइल्स पत्थर का काम करने वाले ठेकेदार शान मोहम्मद उर्फ सोनू ने साथी कारीगर अलीशान के साथ मिलकर दिया था। पुलिस ने बुधवार शाम मुठभेड़ के बाद लुटेरे शान मोहम्मद उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से शान मोहम्मद घायल हो गया। जबकि उसका साथी लुटेरा अलीशान पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस ने लुटेरे के कब्जे से 9.14 लाख रुपए की नकदी व 15 लाख रुपए से अधिक कीमत के गहने बरामद किए है।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते हुए निर्माणाधीन जीडीए के आवासीय कॉलोनी की तरफ भाग निकले। पुलिस ने भी जबावी फायरिंग की। पैर में गोली लगने से एक लुटेरा घायल हो गया जबकि साथी लुटेरा पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। पूछताछ में पकड़े गए लुटेरे ने अपना नाम शान मोहम्मद उर्फ सोनू निवासी वार्ड नंबर आठ सिवाल खास थाना जानी जनपद मेरठ बताया है। पुलिस ने लुटेरे के कब्जे से लूटे गए 9.14 लाख् रुपए की नकदी और 15 लाख रुपए की कीमत के सोने चांदी के गहने, तमंचा और लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
नगर पालिकाध्यक्ष के यहां चार साल से कर रहा था काम शान मोहम्मद
पुलिस को पूछताछ में लुटेरे शान मोहम्मद ने बताया कि उसने और अलीशान ने फैक्टरी की रेकी करने के बाद लूट को अंजाम दिया था। शान मोहम्मद ने बताया कि वह करीब चार साल ने नगर पालिकाध्यक्ष विनोद वैशाली के यहां काम कर रहा था। शान मोहम्मद ने कई साल तक नगरपालिकाध्यक्ष की कोठी पर काम किया इसके बाद वह लंबे समय से फैक्टरी में टाइल्स पत्थर लगाने का काम कर रहा था। काम के दौरान शान मोहम्मद नगर पालिकाध्यक्ष का विश्वसनीय बन गया।
नगर पालिकाध्यक्ष ने उसे अपने रिश्तेदारों और दोस्तों का काम भी दिलाया था। फैक्टरी में काम के दौरान शान मोहम्मद को नकदी और गहने रखने का स्थान पता लग गया गया। अलीशान करीब एक माह पहले ही शान मोहम्मद के पास काम करने आया था। फैक्टरी में मोटी नकदी और लाखों की कीमत के गहने देख दोनों ने लूट की साजिश रची और बीती 26 मई की रात शान मोहम्मद व अलीशान ने फैक्टरी की दीवार फांदकर लूट को अंजाम दिया। उन्होने विरोध करने पर चौकीदार रामलाल को बंधक बनाकर उसके सिर पर पाइप मारकर घायल कर दिया था। लुटेरे करीब चार घंटे तक फैक्टरी में रहे थे। उन्होने लूट के बाद रकम बैंक में जमा कर दी थी और गहने छिपा दिए थे।
शान लूट को अंजाम देने के बाद बिना कपड़े बदले पहुंच गया नगर पालिकाध्यक्ष को सांत्वना देने
नगर पालिकाध्यक्ष विनोद वैशाली ने बताया कि काम के दौरान शान मोहम्मद बहुत विश्वसनीय हो गया था। वह पारिवारिक का हिस्सा बन गए थे। लूट के बाद शान मोहम्मद 27 मई को सांत्वना देने फैक्टरी पहुंच गया। इस दौरान शान मोहम्मद ने लूट को अंजाम देने वाले कपड़े ही पहने हुए थे।
वह सीसीटीवी फुटेज में भी कैद था,मगर विश्वसनीय होने के कारण उस पर जरा भी शक नहीं हुआ। वह कई बार फैक्टरी में काम करने भी आया और पुलिस को पूछताछ में सहयोग कर गुमराह करता रहा। काम के दौरान एक दिन शान बाइक से पहुंचा तो खुलासे में लगी टीम को बाइक सीसीटीवी फुटेज में कैद बाइक जैसी दिखी। इसके बाद पुलिस टीमें शान के पीछे लग गई और उसे धर दबोचा।
सभासदों का धरना समाप्त हुआ
पालिकाध्यक्ष विनोद वैशाली की फैक्टरी में हुई लूट के खुलासे की मांग को लेकर मोदीनगर नगर पालिका परिषद के सभासद लगातार आंदोलन कर रहे थे। बीते मंगलवार से वह एसीपी कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना दे रहे थे। घटना के खुलासे के बाद आंदोलनकारी सभासदों ने धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी।