संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। पुलिस सिपाही भर्ती में 23,386 अभ्यर्थियों की शारीरिक मापतौल और शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसमें 9486 अभ्यर्थी भर्ती से बाहर हो गए हैं। अब 10 फरवरी से गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी परिसर में 13,900 अभ्यर्थियों की दौड़ होगी।
डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि 10 फरवरी से शुरू होने वाली दौड़ में गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत और शामली के 13,900 अभ्यर्थी भाग लेंगे। गुरुवार को डीसीपी सिटी और परीक्षा के नोडल अधिकारी ने पीएसी परिसर का दौरा कर दिशा-निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने यूपी पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा 23 अगस्त से 31 अगस्त 2024 के बीच आयोजित कराई। 21 नवंबर 2024 को इसका परिणाम जारी होने पर 26 दिसंबर से शारीरिक मानक परीक्षण और दस्तावेजों का सत्यापन शुरू किया गया। पुलिस लाइन में 23,386 अभ्यर्थियों का शारीरिक मानक परीक्षण तथा दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, जिसमें से 9486 अभ्यर्थी पुलिस भर्ती से बाहर हो गए हैं।