गाजियाबाद। गाैर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में हुए हादसे की जांच के लिए बनी समिति में अब पुलिस भी शामिल हो गई है। इस मामले में बुधवार को पुलिस की टीम ने जिस फ्लैट से आग लगी, उसके सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। अब पुलिस की दी जानकारी भी रिपोर्ट का हिस्सा बनेगी। मामले में जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव विवेक मिश्र की अध्यक्षता में समिति बनाई थी। इस समिति को मंगलवार तक अपनी रिपोर्ट देनी थी, लेकिन यह रिपोर्ट पुलिस जांच के कारण रोकी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभी तक की जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। साथ में आपराधिक षड्यंत्र के भी आरोप लगाए गए हैं। इसे देखते हुए घटनाक्रम को लेकर पुलिस की रिपोर्ट भी ली गई है। पुलिस के लिए तथ्यों के साथ जांच समिति अपनी रिपोर्ट देगी।
विभाग की जांच में नौवीं मंजिल के जिस फ्लैट में आग लगी, उसमें शाॅर्ट सर्किट नहीं होने की बात सामने आई है। इसके बाद ही अन्य पहलुओं की जांच शुरू की गई है।
नियमों के विरुद्ध हुआ निर्माण टूटेगा : जिलाधिकारी ने बताया कि इस मामले में पूरी जानकारी रिपोर्ट मिलने के बाद ही साफ होगी। हालांकि, उन्होंने अभी तक की जांच में सामने आई जानकारी पर कहा कि दमकल की गाड़ी पार्क और पूल के पास हुए निर्माण के कारण रुकी थी। इस प्रकार के निर्माण को हटाया जाएगा।
रिपोर्ट आने के बाद इसकी प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिर्फ गाैर ग्रीन एवेन्यू नहीं, बल्कि इस प्रकार की सभी सोसायटी जहां आपात वाहनों का रास्ता रोकने के वाले निर्माण होंगे उन्हें हटाया जाएगा। इस संबंध में जीडीए भी रिपोर्ट तैयार कर रहा है।