मुरादनगर। भिक्कनपुर और ब्रज विहार में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं को दो सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी वारदात का खुलासा नहीं कर सकी है। वहीं, शिवम विहार कॉलोनी में भी चोर दो निर्माणाधीन मकानों से लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। लगातार चोरी की घटनाओं और खुलासा नहीं होने से लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है। भिक्कनपुर गांव निवासी रवि शर्मा के मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। चोर घर से करीब 60 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए थे। घटना के करीब 15 दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
इसी तरह ब्रज विहार कॉलोनी निवासी ट्रांसपोर्टर संदीप त्यागी के मकान का ताला तोड़कर चोर 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ संदिग्धों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक वारदात का खुलासा नहीं हो पाया है।
निर्माणाधीन मकान भी निशाने पर
शिवम विहार कॉलोनी में चोरों ने दो निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाया। यहां से चोर लाखों रुपये का कीमती सामान चोरी कर ले गए। लगातार घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाना चाहिए।
-
जल्द खुलासे का दावा
एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि चोरी की वारदातों में महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस जल्द ही वारदातों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।