मुरादनगर। पुलिस चार दिन बाद भी गंगनहर घाट स्थित शनि मंदिर के महंत को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इतना ही नहीं महंत के मोबाइल का डाटा तक रिकवर नहीं हुआ है। डाटा रिकवर होने के बाद ही सीसीटीवी फुटेज का पता चलेगा।
21 मई को गंगनहर घाट पर महिलाओं के कपड़े बदलने के कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगाने की बात सामने आई थी। 23 मई को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से महंत फरार चल रहा है। पुलिस की एक टीम प्रयागराज भी गई है, पुलिस को आशंका है कि महंत हाईकोर्ट से राहत के लिए वहां गया होगा। प्रयागराज पुलिस के माध्यम से मुरादनगर पुलिस महंत की तलाश कर रही है। चार दिन बीतने के बाद भी पुलिस महंत को पकड़ना तो दूर उसकी लोकेशन तक पता करने कें नाकाम रही। चार दिन बाद भी पुलिस की जांच एक जगह ही अटकी पड़ी है। एसीपी नरेश कुमार का कहना है कि महंत की तलाश में पुलिस टीमें लगी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।