सिंभावली। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पी रहे 12 लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना क्षेत्र में लगातार चेकिंग और सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब कर रहे 12 लोगों को हिरासत में लिया। सभी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में चालान कर विधिक कार्रवाई की गई। सीओ राहुल यादव ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करने और कानून का पालन करने की अपील की।