साहिबाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र के भनेड़ा पुल के पास कैंटर की चपेण्से हुए हादसे में उद्यानकर्मी की मौत के बाद आरोपी चालक को पुलिस बुधवार रात को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया और वहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना के विरोध में परिजन ने विरोध प्रदर्शन किया था और चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी कैंटर चालक की तलाश की जा रही थी। रात पुलिस की टीम ने मुजफ्फरनगर के खतौली निवासी फिरदौस को फर्रुखनगर गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि गांव शमशेर मुरादनगर निवासी नरेंद्र प्रजापति हिंडन हवाई अड्डे में माली का काम करते थे। बुधवार सुबह छह बजे वह ड्यूटी जा रहे थे। भनेड़ा पुल के पास कैंटर की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा करते हुए जाम लगाया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को समझाया था और करीब दो घंटे बाद मार्ग से हटे थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर देर शाम कैंटर को कविनगर औद्योगिक क्षेत्र से कब्जे में ले लिया था।