महिलाओं की सुविधा के लिए एक और हेल्पलाइन नंबर 181 राज्य सरकार की ओर से जारी किया गया है। इस नंबर पर शिकायत करने पर कॉल लखनऊ पहुंचेगी, जहां से निर्देश मिलने पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगी।
राज्य सरकार की ओर से एक पीसीआर वैन भी आशा ज्योति केंद्र की पुलिस चौकी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को सौंप दी गई है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी घूमेंगी।
पुलिस के मुताबिक, महिलाओं की सुविधा के लिए आशा ज्योति केंद्र प्रत्येक शहर में बनवाए जा रहे हैं।
गाजियाबाद में संयुक्त चिकित्सालय में इसके लिए जगह फाइनल की गई है, अभी निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण आशा ज्योति केंद्र एमएमजी के महिला अस्पताल में खोला गया है। इस ज्योति केंद्र में एक पुलिस चौकी भी है, जिसमें महिलाएं पुलिस से मदद ले सकती हैं।
आशा ज्योति केंद्र में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को एक पीसीआर वैन में मंगलवार को मुहैया कराई गई है। इससे पहले शहर में 71 पीसीआर वैन थी, जिनमें पुलिसकर्मी घूमते थे, सिर्र्फ महिला पुलिसकर्मियों के लिए यह पहली पीसीआर वैन है।
अभी दिल्ली में लग रही है कॉल
181 नंबर पर कॉल करने पर अभी दिल्ली महिला हेल्पलाइन में बात हो रही है, जबकि गाजियाबाद से कॉल करने वाली महिलाओं की कॉल लखनऊ में लगनी चाहिए। अफसरों का कहना है कि इस हेल्पलाइन नंबर पर अभी वर्क चल रहा है, जल्द ही इस परेशानी को भी ठीक कर दिया जाएगा।