गाजियाबाद । भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) भारत का अभिन्न हिस्सा है और उसे हर हाल में वापस आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जनता की आवाज है कि सरकार और सेना को इस दिशा में ठोस कदम उठाना चाहिए।
पीओके के लोग भी भारत के समर्थन में हैं और उनके बयानों से यह साफ झलकता है। सोमवार को अदालत में पेशी के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए टिकैत ने कहा कि अब समय आ गया है कि पाकिस्तान पर कार्रवाई की जाए।
हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए टिकैत ने कहा कि वह इस मामले में भारत सरकार के साथ हैं। “हमसे ज्यादा तिरंगे का सम्मान कौन करेगा?” उन्होंने यह बात दोहराते हुए स्पष्ट किया कि देश की सुरक्षा से जुड़े हर मुद्दे पर वे सरकार के साथ हैं।
नरेश टिकैत द्वारा पानी न रोकने के बयान पर सफाई देते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि उस समय उन्हें जानकारी नहीं थी कि भारत सरकार ने इस मुद्दे पर कोई निर्णय लिया है। जब उन्हें पता चला कि सरकार का निर्णय क्या है, तो उन्होंने भी समर्थन जाहिर किया, उन्होंने कहा। पगड़ी उछालने की घटना पर उन्होंने कहा कि यह साजिशन नहीं था। वो बच्चे हैं, उन्हें इस तरह के कामों में लगा दिया गया है।