गाजियाबाद। पिलखुवा में एनएच 24 पर बने फ्लाईओवर की आयु पूरी होने से पहले ही उसके पिलर संख्या 132 में दरार आ गई है। फ्लाईओवर में दरार आने के बाद से संबंधित फर्म की ओर से अब इस दरार को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से दरार न आने की बात भी कही जा रही है। जबकि मौके पर मशीनों को लगाकर दरार भरने का ही कार्य किया जा रहा है।
वर्ष 2020 में पिलखुवा में 5.5 किमी लंबा फ्लाईओवर बनकर तैयार किया गया था। यह फ्लाईओवर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे परियोजना के पैकेज संख्या तीन का हिस्सा है। फ्लाईओवर को दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा की कनेक्टिविटी को आसान करने के उद्देश्य से बनाया गया था। यह फ्लाईओवर करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बनाकर तैयार किया गया था। नाम न छापने की शर्त पर संबंधित फर्म के एक कर्मचारी ने बताया कि तीन दिन पूर्व फ्लाईओवर से किसी ओवरलोडेड वाहन के खराब हो जाने के बाद पुल पर ही वाहन पियर कैप के निकट ही ठीक किया गया। इसकी वजह से फ्लाईओवर पर एक ही समय पर कई मीट्रिक टन का दबाव एक ही स्थान पर आ गया। इसकी वजह से संबंधित पिलर संख्या 132 में नीचे तक इसका असर पड़ा और परिणामस्वरूप दरार आ जाने की बात कही की जा रही है। पिलखुवा फ्लाईओवर के बनने के बाद से यह पहली बार हुआ है कि इसमें कोई खामी आई है। वहीं, एनएचएआई के अधिकारियों की ओर से ऐसी कोई कमी की शिकायत न आने की बात कही जा रही है।
एनएचएआई के जेई अंकुर ने बताया कि पिलखुवा फ्लाईओवर में दरार के संबंध में मेरे पास कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसी बात है तो संबंधित फर्म से ही जानकारी लेकर बता पाऊंगा।