मसूरी। वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर ईकला के सामने खराब खड़ी सब्जी भरी पिकअप में पीछे से तेज गति व लापरवाही से चलाकर लाये ट्रेलर चालक ने जोरदार टक्कर मार दी, टक्कर लगने से सब्जी भरी पिकअप मैक्स पलट गई और वहां खड़े दोनों किसान पिकअप के नीचे दबकर गम्भीर घायल हो गये, घायलों को उपचार के लिए जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। पिकअप चालक लोकेश ने ट्रेलर चालक नाम पता अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
आगरा के ग्राम नरीपुरा खैरागढ़ निवासी लोकेश पुत्र छिददू लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने गांव नरीपुरा से गांव के किसान दीपू पुत्र महेश व बन्टू पुत्र गनपति का बथुवा व सब्जी अपनी मैक्स पिकअप में भरकर गाजियाबाद मंडी में लेकर जा रहे थे, दोनों किसान सब्जी बेचने के लिये साथ आये थे। लोकेश के अनुसार 12 दिसम्बर की सुबह 4 बजे जब ये ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर दादरी से डासना की ओर ईकला के सामने पहुंचे तो मैक्स पिकअप के पहिए का बोल्ट टूट कर पहिया निकल गया चालक ने मैक्स पिकअप को एक साइड में खड़ी कर इंडिकेटर जलाकर पिकअप के पीछे किसान दीपू व बन्टू पत्थर आदि का अवरोधक लगा रहे थे उसी समय तेज रफ्तार व लापरवाही से ट्रेलर चालक ने मैक्स पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी, टक्कर लगने से पिकअप पलट गई और दोनों किसान दीपू व बन्टू सब्जी भरी पिकअप के नीचे दबकर गम्भीर घायल हो गये जबकि चालक लोकेश बाल बाल बच गया, पिकअप भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गम्भीर घायलों को लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उन्हें दिल्ली जीटीबी रेफर कर दिया। मैक्स पिकअप चालक लोकेश ने पुलिस को तहरीर देकर ट्रेलर चालक नाम पता अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि मैक्स पिकअप चालक लोकेश की दी गई तहरीर के आधार पर ट्रेलर नं के चालक नाम पता अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है, सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर ट्रेलर चालक की पहचान करके वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।