गाजियाबाद में बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े तमंचा दिखाकर पेट्रोल पंप कर्मी साढ़े नौ लाख रुपये की लूट हुई है। घटना केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह के आवास के पास हुई। पंप कर्मी बैंक में नकदी जमा करने जा रहे थे।
कविनगर क्षेत्र की राजनगर सेक्टर 3 चौकी क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह के आवास के पास सोमवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े पेट्रोल पंप कर्मी से करीब साढ़े नौ लाख रुपये लूट लिए। उस समय वह नवयुग मार्केट स्थित एसबीआई में नकदी जमा करने जा रहे थे। कर्मचारी ने पेट्रोलपंप मालिक को सूचना दी। मालिक ने इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
मयंक राजपूत राजनगर एक्सटेंशन स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर मुंशी हैं। मयंक ने बताया कि सोमवार को बैंक में पैसे जमा करने जा रहे थे। जैसे ही वह राजनगर में सर्विस रोड पर पहुंचे तो पीछे से बाइक सवार दो बदमाश उनकी जेब से मोबाइल निकालने लगे।
इसके बाद ओवरटेक करके उन्होंने स्कूटी साइड लगवा ली। एक बदमाश ने तमंचा तानकर स्कूटी की डिग्गी खोलकर नकदी से भरा बैग निकाल लिया और भाग गए। दोनों ने हेलमेट लगाए हुए थे। उन्होंने मालिक को सूचना दी। मौके पर पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।