पालतू पिल्ले को मारने के बाद बाहर फेंकता आरोपी
- फोटो : वीडियो ग्रैब
अंकुर विहार थानाक्षेत्र के डीएलएफ कॉलोनी निवासी ज्योति शर्मा ने अपने पड़ोसी प्रदीप के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने प्रदीप पर पालतू पिल्ले को पीट-पीटकर जान से मारने और उसके बाद छत से नीचे फेंकने का आरोप लगाया है। मामला 29 अगस्त का है और पुलिस ने 30 अगस्त को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
ज्योति शर्मा ने दर्ज मुकदमे में बताया कि परिवार के साथ डीएलएफ कॉलोनी के प्रेम विहार स्थित फ्लैट की दूसरी मंजिल पर रहती हैं। वह गली में रह रहे पिल्लों की देखभाल करती हैं। पिल्ले घर के बाहर शौच करते थे। इस बात से नाराज होकर पड़ोसी प्रदीप पिल्ले को 29 अगस्त की दोपहर फ्लैट की छत पर ले गया। आरोपी ने डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर नीचे फेंक दिया।
आरोप है कि जब उन्होंने इसकी शिकायत प्रदीप की पत्नी से की तब प्रदीप ने उनसे मारपीट करते हुए पिल्ले के खुद छत से कूदने की बात कह डाली। इसके बाद बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई फुटेज
पीड़िता की ओर से दिए गए साक्ष्यों की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ज्योति शर्मा ने वारदात होने के बाद जब फ्लैट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तब उनके हाथ वारदात से जुड़े साक्ष्य लग गए। पिल्ले को पीटने के बाद मृत अवस्था में नीचे फेंकने की फुटेज कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक व्यक्ति साफ दिखाई दे रहा है, जिसके एक हाथ में डंडा और दूसरे में पिल्ला था। फुटेज में पिल्ले को घर के बाहर फेंकने की फुटेज साफ कैद हुई है। पुलिस ने वीडियो की जांच भी शुरू कर दी है।