गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कराए जा रहे प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे पांच साल्वरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शनिवार और रविवार को आयोजित हुई परीक्षा के दौरान दो सॉल्वर विजयनगर, दो नंदग्राम और एक वेव सिटी क्षेत्र से पकड़े गए हैं। किसी का आधार कार्ड तो किसी के फिंगर प्रिंट का मिलान नहीं होने से मामले का खुलासा हुआ। सभी मामलों में स्कूल व कॉलेज प्रबंधन की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। एनएच-9 स्थित रॉयल कॉलेज ऑफ लॉ में बनाए गए परीक्षा में केंद्र में आगरा के फतेहाबाद निवासी अभ्यर्थी अंकित के स्थान पर उसका दोस्त सोनू परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। कक्ष निरीक्षक वेदप्रकाश व अंजू शर्मा ने उसको आधार कार्ड में फोटो का मिलान नहीं होने पर पकड़ा और पुलिस को सूचना दी। इसी बीच लखनऊ कंट्रोल रूम से भी मैसेज मिला कि अंकित का फिंगर प्रिंट नहीं मिल रहा है। इसलिए उसको परीक्षा देने से रोक दिया जाए। अंकित की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। एसीपी वेव सिटी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि पकड़े गए सोनू ने बताया कि वह दोस्ती की खातिर परीक्षा देने के लिए आ गया था। अंकित ने उससे कहा था कि उसकी तैयारी नहीं हो पाई है। इसलिए तुम जाकर मेरी परीक्षा दे दो।
इसके अलावा, विजयनगर के ब्लूम पब्लिक स्कूल से आगरा के भरभरा निवासी सौरभ को पकड़ा गया है जो अवधेश की जगह परीक्षा दे रहा था। आगरा के अशोक नगर निवासी प्रदीप राजकीय इंटर कॉलेज विजयनगर में रामचंद्र की जगह परीक्षा दे रहा था। नंदग्राम के मदर इंडिया पब्लिक स्कूल से आगरा के नंगला लाले निवासी पुष्पेंद्र कुमार को पकड़ा है जो विकास कुमार की जगह परीक्षा दे रहा था। नंदग्राम राजकीय इंटर कॉलेज से कटहरिया अवागढ़ एटा निवासी सचिन को पकड़ा है जो हिरदेश कुमार की जगह परीक्षा दे रहा था।
एडीसीपी प्रोटोकॉल वीरेंद्र कुमार का कहना है कि सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।