गुलमोहर सोसायटी से भाटिया मोड़ तक जर्जर सड़क के निर्माण और कूड़ा लिफ्टिंग की मांग को लेकर व्यापार मंडल और आरडब्ल्यूए ने नगर निगम पर बुधवार को प्रदर्शन किया। भाटिया मोड़ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सड़क निर्माण के लिए फंड आने के बावजूद काम न कराने का आरोप लगाया। उनके समर्थन में बसपा विधायक सुरेश बंसल भी पहुंचे। महापौर अशु वर्मा ने अवस्थापना फंड से सड़क निर्माण कराने और कूड़ाघर बनवाने का आश्वासन दिया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि भाटिया रोड की मुख्य सड़क का निर्माण बीते 10 साल से नहीं कराया गया है। बीते दिनों जानकारी मिली कि नगरीय सड़क सुधार योजना में इसके लिए फंड मिल गया, लेकिन अब अधिकारियों ने इस फंड से दूसरी सड़क बनाने के लिए ट्रांसफर कर दिया।
सड़क इतनी जर्जर है कि यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रहीं हैं। गुलमोहर सोसायटी की महिलाओं का कहना है कि सोसायटी के पास खुले में कूड़ा डाला जा रहा है। नगर निगम यहां से सप्ताह में केवल दो दिन कूड़ा उठाता है।
यहां न तो डस्टबिन है और न ही कूड़ाघर बना हुआ है। महापौर ने अवस्थापना निधि से सड़क निर्माण कराने और तत्काल नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आरके यादव को बुलाकर डस्टबिन रखवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कूड़े का उठान रोजाना कराने और ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव कराने के निर्देश दिए। महापौर ने निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसएस चौहान को बुलाकर कूड़ा घर निर्माण के लिए एस्टिमेट तैयार कराने के निर्देश दिए।