इंदिरापुरम। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच नौ) से जुड़ने वाले मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ न्यायखंड एक स्थित पांच सोसायटी के लोग एक साथ आ गए हैं। लोगों ने दुकानदारों के किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ आवाज उठाते हुए नगर निगम से शिकायत की है। उनका कहना है कि मोटर रिपेयरिंग और फर्नीचर बनाने वाले कई दुकानदारों ने सड़क पर सामान रखकर और रास्ते में लोगों ने गाड़ी लगाकर सड़क को पार्किंग बना दिया है। इस वजह से न केवल आम आवाजाही बाधित हो रही है, बल्कि इलाके में आपराधिक गतिविधियां भी बढ़ रही हैं।
सुपरटेक आइकन, गौर ग्रीन विस्ता, पत्रकार विहार, वी-3एस इंद्रलोक और जीडीए जनता फ्लैट्स के निवासियों का एक प्रतिनिधि दल शनिवार को नगर निगम के मुख्य जोनल अधिकारी सुनील राय से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपने गया। सभी लोगों ने सड़क से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटानें की मांग की। सुपरटेक आइकान के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों के साथ एक घंटे तक चली इस मुलाकात में अधिकारी ने माना कि शनि चौक से साईं चौक एवं साईं चौक से गौर ग्रीन विस्ता तक सड़क के किनारे अवैध कब्जा है व पिछले दिनों की कार्रवाई पर्याप्त नहीं थी। इस बार अलग-अलग विभाग जीडीए, नगर विकास सब के साथ मिलकर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज करेंगे।
वहीं, सोसायटी के लोगों की शिकायत है कि अवैध रूप से बनाए गए मोटर वर्कशॉप, कबाड़ व अन्य दुकानों के अतिक्रमण के कारण गंदगी, ट्रैफिक जाम के साथ-साथ इलाके में अपराध की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। इससे पहले भी नागरिकों ने हाल-फिलहाल के कुछ आपराधिक वारदातों की सीसीटीवी फोटो लेकर एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के कार्यालय जाकर उन्हें दिए हैं और आए दिन मोबाइल और चैन झपटमारी की घटनाओं में बढ़ोतरी व इलाके में जगह-जगह नशे के अड्डे व असामाजिक तत्वों की आवाजाही के बारे में भी शिकायत की। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने सख्ती व निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर पांचों सोसायटी से आशीष कुमार, आशीष तोमर, अंशुमान बोस, ज्योत्सना शर्मा, रीतिका गौड़, नेहा गुप्ता, श्वेता वर्मा तोमर, जीडीए जनता फ्लैट से जय जोशी, पूरन सिंह बिष्ट, पत्रकार विहार से गोविंद सिंह, अनिल रत्रा, डीपी बमौला, विकास सैनी, गौर ग्रीन विस्ता से अविनाश सिंह, राकेश पांडे, अभिषेक शर्मा, पुनीत मारवाह, लक्ष्मी उनियाल, वी-तीन एस इंद्रलोक से अमित सचान, सुरेंद्र सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।