फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: बिजली कटौती से भड़के लोग, लगाया जाम और किया हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। बिजली कटौती से पूरे शहरभर के लोग परेशान हैं। कहीं लोग हंगामा कर रहे हैं तो कहीं रात जागकर काटी जा रही है। सिद्धार्थ विहार स्थित गौड़ सिद्धार्थम सोसायटी में लगे ट्रांसफार्मर और पैनल में फाॅल्ट आने से सोमवार रात आठ बजे बिजली गुल हो गई, जो मंगलवार दोपहर तीन बजे आई। लोगों को 19 घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार सुबह निवासियों ने सोसायटी के बाहर जाम लगाकर बिल्डर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, सुदामापुरी में बिजली कटौती से भड़के लोगों ने बिजलीघर में हंगामा किया। इसके अलावा डूंडाहेड़ा व चिपियाना में हुई घंटों कटौती से लोग परेशान रहे।
विज्ञापन

गौड़ सिद्धार्थम सोसायटी निवासी अरुण सिंह ने बताया कि ओवरलोड से सोसायटी में लगे ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग हुई और उसमें फॉल्ट हो गया। इससे पैनल भी खराब हो गया। रात में ही सोसायटी के मेंटेनेंस विभाग को खबर दी गई। कुछ कर्मचारी आए पर वह फॉल्ट नहीं पकड़ पाए। मेंटेनेंस का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। सोसायटी में 9 टॉवर में रह रहे करीब 6 हजार लोगों को सोमवार पूरी रात पार्क या कार में बितानी पड़ी। बुजुर्ग और बच्चे ज्यादा परेशान हुए। कुछ लोग बालकनी में सोये। हालांकि मंगलवार सुबह पानी के लिए डिजी सेट चलाया गया। दोपहर 12 बजे मेंटनेंस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्हें फॉल्ट ठीक कराने में तीन घंटे लग गए। इसके बाद बिजली सप्लाई सुचारू हो सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल्डर ने सेंशन लोड कम लिया हुआ है। इसलिए ओवरलोड होने पर ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आ गया। ऊर्जा निगम के चीफ इंजीनियर नीरज स्वरूप ने बताया कि फाॅल्ट सोसायटी के अंदर का था। निगम स्तर से कोई समस्या नहीं है।


700 फ्लैट्स में नहीं लगे हैं प्री पेड मीटर
सोसायटी के मेंटेनेंस विभाग के फैसिलिटी हेड डीजीएम राकेश शर्मा ने बताया कि ऊर्जा निगम ने यहां करीब 1400 फ्लैट्स में प्री-पेड मीटर लगा रखे हैं। बाकी बचे 700 फ्लैट्स में ये मीटर नहीं लगे है। समस्या तब खड़ी होती है तब रेजिडेंट्स बिजली उपकरण बढ़ाने की सूचना नहीं देते। इसी कारण लोड का पता नहीं चल पाता। मेेंटेंनेंस विभाग ने ऐसे रेजिडेंट्स को नोटिस देकर प्री-पेड मीटर लगवाने को कहा है। वहीं ट्रांसफार्मर के फॉल्ट को ठीक करने ओईएम कंपनी के कर्मचारी जब सोसायटी पहुंचे तो रेजिडेंट्स ने उन्हें घुसने नहीं दिया। पुलिस बुलाकर मामले को शांत कराया गया, फिर कर्मचारियों ने फॉल्ट को ठीक किया।
विज्ञापन



भीषण गर्मी में बदले जा रहे तार, लोग परेशान
एनएच-9 में स्थित डूंडाहेड़ा कॉलोनी में ऊर्जा निगम तार बदलने का काम कर रहा है। इस कारण यहां घंटों बिजली कटौती हो रही है। इससे पानी की भी किल्लत है। स्थानीय निवासी दीपक शर्मा ने बताया कि भीषण गर्मी पड़ने से पूर्व ऊर्जा निगम ने तार बदलने का कार्य नहीं किया। अब तार बदलने के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है। फॉल्ट भी हो जाता है तो कर्मचारी तुरंत नहीं आते। वहीं, चिपियाना में ऊर्जा निगम जर्जर तारों को बदल रहा है। इसलिए यहां बार-बार बिजली सप्लाई बाधित हो रही है। निगम के चीफ इंजीनियर नीरज स्वरूप का कहना है कि चिपियाना में तार बदलने के कारण कटौती की जा रही है। इससे लोगों को परेशानी होगी, लेकिन बाद में सप्लाई नियमित रहेगी।




लोगों ने बिजलीघर पर धावा बोला
सुदामापुरी क्षेत्र में ऐसा कोई दिन नहीं बिता जब घंटों बिजली कटौती न हुई हो। ऐसा बीते 45 दिनों से हो रहा है। मंगलवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और महिलाओं समेत काफी संख्या में लोग बिजलीघर के अंदर घुस गए और कर्मचारियों से अभद्रता की। बिजली कटौती से गुस्साए लोगों ने क्रॉसिंग रिपिब्लक थाने के बाहर भी प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया। स्थानीय निवासी निकेश सिंह ने बताया कि सोमवार शाम को गई बिजली रात डेढ़ बजे आई। सुबह तक लाइट रही, फिर चली गई। भीषण गर्मी में घरों में बैठना मुश्किल हो गया है। पानी की भी समस्या बनी हुई है। इसके अलावा विजयनगर, प्रताप विहार, गोविंदपुरम, लोहियानगर, स्वर्णजयंतीपुरम, संजयनगर सेक्टर 23, कैलाभट्ठा, दिल्ली गेट, डासना गेट समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी दो से पांच घंटे तक अघोषित बिजली कटौती की जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें