गाजियाबाद। हादसे में न्यू कोट गांव की तीन महिलाओं की मौत होने से नाराज स्थानीय लोगों ने शनिवार शाम को राकेश मार्ग के सामने स्थित कट पर शवों को रखकर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक लोगों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने मुआवजा दिलाने समेत आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह सड़क से हटाया।
पोस्टमॉर्टम के बाद कमलेश, मीनू और सावित्री के शव करीब पांच बजे न्यू कोट गांव लाए गए तो लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वह शवों काे लेकर सड़क पर पहुंच गए। इस दौरान दोनों तरफ भयंकर जाम लग गया। पुलिस ने व्यवस्था बनाने के लिए ट्रैफिक को डायवर्ट कराया। इसके बावजूद बड़ी तादाद में लोग जाम में फंसे रहे। इस बारे में एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि लोगों को समझाकर शांत कराया है। प्रशासनिक स्तर पर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया है। शाम साढ़े छह बजे तक यातायात को सुचारु करा दिया गया था।