बुलंदशहर/अनूपशहर/ऊंचागांव/ डिबाई/बुगरासी/शिकारपुर/अहार/ बीबीनगर/नरसेना। दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं, मांग बढ़ने से जिले की बिजली व्यवस्था भी हांफने लगी है। शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र हर 20 मिनट पर बिजली ट्रिप हो रही है।
ट्रिपिंग और कटौती से लोगों की रातों की नींद उड़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे के सापेक्ष 10 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे उपभोक्ताओं में रोष बना हुआ है। ऊर्जा निगम के अफसरों का कहना है कि लोड बढ़ने से फाल्ट या ट्रिपिंग की समस्या बन रही है।
नगर के अंसारी रोड, डीएम रोड, चांदपुर, राधानगर समेत अन्य काॅलोनी में समय-समय पर अघोषित कटौती से उपभोक्ता परेशान है। उपभोक्ता पुनीत, राजीव व वीरपाल ने बताया कि पिछले कई दिनों से समय-समय पर कट लगने और लो वोल्टेज आने से परेशानी हो रही है। लो वोल्टेज पर कूलर नहीं चल पाता है। इससे नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है। अनूपशहर के छपेटी फीडर से जुड़े गंगाद्वार, खिड़की, छत्ता और सरदारों वाली गली के उपभोक्ताओं ने बिजली कटौती और जर्जर तारों की समस्या को लेकर एसडीओ कार्यालय पहुंच रोष जताया। उपभोक्ताओं ने सभासद अमन गर्ग और दिलीप भारद्वाज के नेतृत्व में प्रदर्शन कर लो वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या से निजात दिलाने को ज्ञापन सौंपा।
गर्मी में बिजली न आने से बच्चे, बुजुर्ग व बीमार को अधिक परेशानी हो रही है। एसडीओ शैलेंद्र सारस्वत ने कहा कि जर्जर हो चुकी पुरानी लाइन को चिन्हित कर बदलवा दिया जाएगा। जिससे ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिल सकेगी।
अहार क्षेत्र में दिनभर 20 से अधिक बार ट्रिपिंग होने व पांच घंटे की अघोषित कटौती से उपभोक्ता परेशान है। ऊंचागांव क्षेत्र के दौलतपुर कलां बिजलीघर से जुड़े उपभोक्ताओं को फाल्ट व ट्रिपिंग की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
इसके चलते नरसेना, गजरौला, बलरामपुर, यूनिसपुर समेत आठ से अधिक गांव अंधेरे में डूबे रहते है। ग्रामीण गजेंद्र राणा, संजय कुमार, कपिल कुमार, गोविंद राणा, बिट्टू गुप्ता, विजेंद्र शर्मा व नवनीत भारद्वाज ने पर्याप्त मात्रा में बिजली आपूर्ति देने की मांग की। कहा कि रात के समय फाल्ट होने पर अधिक परेशानी होती है। एसडीओ प्रवीण वर्मा ने कहा कि लाइन को ठीक किया जा रहा है। इसके बाद आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। डिबाई क्षेत्र के उपभोक्ताओं को 15 घंटे भी आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। ट्रिपिंग व लो वोल्टेज को लेकर व्यापारियों ने रोष जताया। व्यापारी सनी सिंघल, विवेक अरोरा, धीरज वार्ष्णेय, रचित वार्ष्णेय, अतुल राठी आदि ने कहा कि दिन-रात मिलाकर 15 घंटे भी बिजली नहीं मिल रही। लो वोल्टेज के चलते इन्वर्टर भी चार्ज नहीं हो रहे।
एक्सईएन राहुल रत्न बोधी ने कहा कि रोस्टर के अनुसार आपूर्ति दी जा रही है। लाइन में फाल्ट के चलते शटडाउन लिया जाता है। लो वोल्टेज की शिकायत मिली है उसे दिखवा रहे हैं। बुगरासी क्षेत्र में भी उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग, लो वोल्टेज व समय-समय पर कट से परेशान है। बुगरासी उपकेंद्र के जेई श्रीराम ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या को दिखवाया जा रहा है। फाल्ट हो जाने से समस्या बढ़ जाती है।