साहिबाबाद। कौशांबी स्थित यशोदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल मतदान करने वाले मतदाता को निशुल्क अफोर्ड प्लान हेल्थ कार्ड देगा। अस्पताल के सीएमडी डॉ. पीएन अरोड़ा ने बताया कि शहर में 26 अप्रैल को लोकसभा सीट पर मतदान है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जनता अपने-अपने तरीके से प्रयास कर रही है। यह चुनाव हमारे देश की दशा और दिशा बदलने वाला है। उन्होंने बताया कि जो मतदाता वोट डालने के बाद नीली स्याही दिखाएगा उसे निशुल्क अफोर्डप्लान हेल्थ कार्ड दिया जाएगा। इस हेल्थ कार्ड पर लोगों को ईलाज में 10 से 30 फीसदी तक की छूट दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की है।
सोसायटी के बूथ को किया जाएगा पुरस्कृत
टीएचए में पहली बार मतदान फीसदी बढ़ाने के लिए प्रशासन की ओर से सोसायटी में मतदान बूथ बनाया गया है। आरडब्ल्यूए की ओर से मतदान फीसदी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वाले बूथ को पुरस्कृत किया जाएगा। सुनील वैद्य ने बताया कि मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। आरडब्ल्यूए की ओर से टीम 100 गाजियाबाद और मंगलम विद्यापीठ सोसायटी में मतदान फीसदी के अनुसार प्रथम विजेता को 5100 रुपये, द्वितीय विजेता 3100 रुपये और तृतीय विजेता 2100 रुपये के साथ प्रशंसा प्रमाण पत्र दिया जाएगा।