मोदीनगर। निवाड़ी के खिंदौड़ा में चार दिन पहले हुई गोकशी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बुधवार को बजरंग दल के पदाधिकारियों और ग्रामीणों की एक बैठक हुई। बजरंग दल के पदाधिकारी निशांत त्यागी ने बताया कि चार दिन पहले गोकशी की घटना हुई थी। गोकशों ने गोवंश के अवशेष मंदिर के पास एक खाली खेत में फेंक दिए थे। मगर पुलिस चार दिन बाद भी गोकशों को गिरफ्तार करने में नाकाम रही।
क्षेत्र में लंबे समय से गोकशी की घटना नहीं हुई थी। मगर कुछ दिन से पुलिस निष्क्रिय हो गई है। इस कारण घटना हुई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो वह आंदोलन करेंगे। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं।