गाजियाबाद। बहरामपुर में पिछले तीन-चार दिन से अघोषित बिजली कटौती और लगातार हो रही ट्रिपिंग से परेशान लोगों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। कॉलोनी के लोगों ने सुबह पहले बिजलीघर पर प्रदर्शन किया, इसके बाद बहरामपुर अंडरपास के पास पहुंचकर सर्विस रोड पर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। करीब साढ़े 11 बजे के आसपास यातायात सामान्य हो सका। ऑफिस जाने का समय होने के कारण कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जिस कारण नौकरीपेशा लोग परेशान होकर ऑफिस देर से पहुंचे। उधर, विधायक संजीव शर्मा ने भी बहरामपुर पहुंचकर लोगों की समस्या सुनी और उन्हें शांत कराया।
पूर्वांचल विकास सेवा समिति बहरामपुर के संस्थापक संतोष चौधरी ने बताया कि इस इलाके में पिछले 10 दिनों से बिजली की भीषण समस्या बनी हुई है। बिजली दो मिनट को आती है और चली जाती है। पूरे दिन यहीं क्रम चलता है। जिससे पानी की भी दिक्कत हो रही है और उपकरण भी खराब हो रहे हैं, लेकिन पिछले तीन दिनों से लाइट बिल्कुल नहीं आ रही है। 24 घंटे में से महज दो से तीन घंटे आ रही है, जिससे पानी की भी गंभीर दिक्कत बनी हुई है, जहां जनरेटर हैं, वहां बोरवेल चलाकर पानी निकाला जा रहा है, जिसके लिए लंबी-लंबी लाइन लग रही है। दो से ढाई घंटे में नंबर आ रहा है। एक व्यक्ति घर के कामकाज के लिए 20-20 लीटर पानी भरकर ला रहा है। पूरा दिन इसी काम में निकल रहा है।
-60 हजार की आबादी झेल रही बिजली-पानी संकट
बहरामपुर निवासी और पूर्वाचल विकास सेवा समिति के महासचिव मुकेश कुमार का कहना है कि बहरामपुर में बुद्धविहार, वसंत वैली, यूनिनव-एक और दो सहित कई सोसायटी और कॉलोनी हैं। यहां 60 से 70 हजार लोग रहते हैं। यहां पिछले पांच दिनों से बिजली की भीषण समस्या चल रही है और कोई सुनवाई नहीं हो रही है। यहां पानी की आपूर्ति नहीं है। बोरवेल से पानी चलता है। बिजली नहीं आने से मोटर भी नहीं चल रहा है। कई किलोमीटर दूर से पानी भरकर ला रहे हैं।
जाम में फंसकर ऑफिस पहुंचे लेट
सिद्धार्थ विहार निवासी कुशमा नेगी ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह नौ बजे नोएडा सेक्टर-24 ऑफिस के लिए निकलीं तो नीचे बेहरामपुर से ऊपर जाने वाले रास्ते पर जाम था। राहुल विहार, बेहरामपुर से एनएच-9 और छिजारसी से नोएडा-62 तक लंबा जाम लगा हुआ था। वह 10.50 पर ऑफिस पहुंचीं। कई लोगों ने जाम से निकलने के लिए हिंडन लोहे के पुल का सहारा लिया, लेकिन वहां जाली रिपेयरिंग का काम चल रहा था, इस कारण वहां भी लोग फंस गए और हर तरफ जाम ही जाम की स्थिति बन गई है। यह करीब साढ़े 11.30 बजे तक रहा।
-परिवार के साथ घर जाने को मजबूर निवासी
बहरामपुर स्थित यूनिवन सोसायटी निवासी करीब एक सप्ताह से लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान हैं। पिछले तीन दिनों से 24 घंटे में केवल 30 मिनट ही बिजली आ रही है। नियमित रूप से बिजली आपूर्ति न होने से सोसायटी में पानी की समस्या से लोग परेशान हैं। स्थिति यह है कि लोग समस्या का समाधान न होने की वजह से अपने बच्चों को लेकर गांव जाने को मजबूर हो रहे हैं। यूनिवन सोसायटी में अलग-अलग अपार्टमेंट में करीब 2500 परिवार रहते हैं। सोसायटी निवासी अंकुश सक्सेना ने बताया कि आपूर्ति न होने से नहाने-धोने और पीने के पानी का संकट हो गया है। पानी का टैंकर मंगाकर काम चलाया जा रहा है। इन्वर्टर चार्ज नहीं हो रहे हैं, इसकी वजह से फोन लैपटॉप भी दफ्तर जाकर ही चार्ज कर पा रहे हैं। कई बार उपकेंद्र पर जाकर इसकी शिकायत संबंधित एसडीओ को की गई, सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री तक को इसकी शिकायत की गई है। इसके बावजूद अब तक किसी ने सुध नहीं ली है। मजबूर होकर अपने गृहनगर में जाना पड़ा है। यहां जब समस्या का समाधान हो जाएगा तो वापस आएंगे।
-बोले लोग-
सोसायटी निवासी राहुल ने बताया कि गत एक सप्ताह से बिजली व्यवस्था काफी ज्यादा बिगड़ गई है। इसके बाद चार दिन पहले से आपूर्ति ही नहीं हो रही है। पानी भी खरीदना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति के लिए जेनरेटर किराए पर मंगाया है। इसी के माध्यम से इन्वर्टर चार्ज कर रहे हैं।
सोसायटी निवासी अभिषेक लहारिया ने बताया कि चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इसकी वजह से पानी की जरूरत पूरी करने के लिए टैंकर मंगाकर काम चलाना पड़ा रहा है। स्थिति यह हो गई है कि पहले जो दिनभर में 30 मिनट आपूर्ति हो रही थी। वह भी अब नहीं हो रही है।
-बयान-
गर्मी बढ़ने से बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ओवरलोडिंग की वजह से लाइन में बार ट्रिपिंग हो रही है। शुक्रवार को समस्या को दूर कर लिया गया है। आपूर्ति सामान्य हो गई है। कुछ इलाकों में दिक्कत है, उसे भी दूर किया जा रहा है। -मनीष सिंह, सहायक अभियंता ऊर्जा निगम