मेडीक्लेम प्रक्रिया में सरलीकरण की मांग को लेकर
सीएमओ से मिले पेंशनर
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने मेडीक्लेम संबंधी समस्याओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ अखिलेश मोहन से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पेंशनरों को आ रही कठिनाइयों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया और प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की।
संस्थान के सचिव राजकुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के अनुसार 50 हजार रुपये तक के क्लेम के लिए एमएमजी अस्पताल या संयुक्त जिला अस्पताल में दावा प्रस्तुत करना होता है, जबकि 50 हजार से अधिक की राशि के दावे सीएमओ कार्यालय में स्वीकार किए जाते हैं।
राजकुमार सिंह ने कहा कि नियम होने के बावजूद पेंशनर्स को बार-बार क्लेम प्रस्तुत करने की आवश्यकता पड़ रही है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार दस्तावेजों की बार-बार मांग की जाती है या फाइलें लंबित पड़ी रहती हैं, जिससे समय पर भुगतान नहीं हो पाता।
संस्थान के पदाधिकारियों ने सीएमओ से अनुरोध किया कि मेडीक्लेम प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाया जाए ताकि बुजुर्ग पेंशनर्स को सुविधा मिल सके। उन्होंने यह भी मांग की कि क्लेम की समय सीमा निर्धारित की जाए और विभागीय स्तर पर समन्वय बढ़ाया जाए।