कल से होटल इलाइट में भर्ती हो सकेंगे बिना लक्षण वाले मरीज
गाजियाबाद। बिना लक्षण वाले कोरोना संक्रमित मरीजों को कम पैसे में शहर के होटल इलाइट में मंगलवार से इलाज मिलना शुरू हो जाएगा। इस होटल में 76 मरीजों को भर्ती करने की सुविधा है। एक मरीज को प्रतिदिन सिंगल बेड के लिए 1500 रुपये जबकि डबल बेड के लिए दो हजार रुपये का भुगतान करना होगा। इसके अलावा दो हजार रुपये एक मुश्त स्वास्थ्य विभाग के पास इलाज के लिए जमा करना होगा। होटल प्रबंधन ने बताया कि तैयारी पूरी हो गई है। थोड़ा काम बचा है, सोमवार को काम पूरा होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दे दी जाएगी। मंगलवार से होटल में मरीज भर्ती हो सकेंगे। गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों व 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को भर्ती नहीं किया जाएगा।
भर्ती होने वाले लोगों को होटल की तरफ से ब्रेकफॉस्ट, लंच, डिनर, एयर कंडीशनर, रूम, टीवी, गीजर, मिनरल वॉटर समेत अन्य सुविधाएं होटल में मिलेंगी। होटल के प्रबंधक वेद यादव का कहना है कि होटल में तैयारी पूरी हो गई है। थोड़ा काम रह गया है, उसे सोमवार को पूरा कराने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग को सूचना दे दी जाएगी। मैंने सिर्फ इलाइट होटल को भर्ती करने के लिए दिया है। तरु-इन सामान्य लोगों के लिए है, उसमें मरीज भर्ती नहीं होंगे। उधर, सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता का कहना है कि होटल की तैयारी पूरी होने के बाद जो मरीज पैसा देकर इलाज कराना चाहते हैं, उन्हें भर्ती करना शुरू कर दिया जाएगा। इसमें इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम तैनात की जाएगी। उनके रहने की सुविधा भी होटल में ही रहेगी। होटल का खर्च देने के अलावा मरीज को दो हजार रुपये इलाज का भी भुगतान करना होगा।