रोडरेज में हेड कांस्टेबल के
बेटे-दोस्त पर चाकू से हमला
गाजियाबाद। रोडरेज में रविवार को स्कूटियों पर सवार 8 से 10 युवकों ने दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल के बेटे और उसके दोस्त पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कांस्टेबल का बेटा और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को दो दर्जन से अधिक टांके आए हैं। कांस्टेबल की शिकायत पर सिहानी थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
राजेंद्र नगर सेक्टर-2 में महेश पाल परिवार के साथ रहते हैं। वह दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं। उन्होंने बताया कि उनका एक फ्लैट राजनगर एक्सटेंशन में है। इसमें फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसे देखने के लिए उनका बेटा बीबीए छात्र पीयूष तीन दोस्तों ऋषभ त्यागी, वैभव त्यागी और तुषार निर्भय के साथ कार से गया था। कार उसके दोस्त की थी। फ्लैट से वह भट्टा नंबर 5 की सड़क से जा रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी कार से टकरा गई। बेटे और स्कूटी सवार में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर स्कूटी सवार ने अपने दोस्तों को बुला दिया। स्कूटियों से करीब 8 से 10 युवक वहां पहुंच गए। युवकों ने सबसे पहले कार पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद पीयूष और वैभव त्यागी पर चाकू से हमला कर दिया। पीयूष को चाकू गर्दन और कान पर मारे गए, जबकि वैभव त्यागी को कमर में चाकू मारे गए। उनकी चीख पुकार सुनकर लोगों को आता देख आरोपी स्कूटियों से फरार हो गए। इसके बाद दोनों घायलों को इंदिरापुरम के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों को दो दर्जन से अधिक टांके आए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। सिहानी थाना प्रभारी दलीप कुमार विष्ट ने बताया कि दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की तहरीर पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस पर लगाया हल्की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप
हेड कांस्टेबल महेश पाल ने पुलिस पर हल्की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिस तरह से उनके बेटे और उसके दोस्त पर हमला कर गाड़ी को पथराव कर क्षतिग्रस्त किया गया है उस आधार पर आईपीसी की धारा 307 लगती है। पुलिस ने 307 में मुकदमा दर्ज न करके अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। उन्होंने इसकी शिकायत एसपी सिटी मनीष कुमार मिश्रा से की है।
यह पहली घटना नहीं
रोडरेज में हमला करने की जिले में यह पहली वारदात नहीं है। कुछ दिनों पहले रोडरेज में मुरादनगर के पास एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। युवक एक कंपनी में सेल्स में काम करता था। इसके अलावा राजनगर एक्सटेंशन में भी कार टकराने पर तीन लोगों ने एक युवक को बुरी तरह पीटा था। एनएच-9 पर भी युवक के साथ मारपीट की गई थी।