गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हरिद्वार, मेरठ, हापुड, और बुलंदशहर से दिल्ली जाने वाली बसें अब एक्सप्रेसवे पर सवारी उतार और बैठा नहीं सकेंगी। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सवारियों को बैठाने और उतारने पर यातायात पुलिस बसों का चालान काटेगी। इसके लिए सुबह सात से रात नौ बजे तक डीएमई पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। एबीईएस कॉलेज, कनवानी और सेक्टर-62 पर यातायात पुलिस ने हाईवे पर जंजीर लगा दी है, जिससे यात्री हाइवे क्रॉस कर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर नहीं पहुंच पाएंगे। जंजीर के साथ-साथ तीनों स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अमर उजाला ने अप्रैल और मई में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हादसा होने के कारणों का समाचार प्रकाशित किया था, जिसके बाद यह कदम उठाया गया है।
एडीसीपी यातायात सच्चिदानंद ने बताया कि डीएमई पर हादसों में कमी लाने के लिए शुक्रवार को कनावनी, एबीईएस कॉलेज और सेक्टर-62 पर 70 से अधिक जंजीर के कोण लगाए गए हैं। इसके साथ ही पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एक्सप्रेसवे पर पहुंचने के लिए स्थानीय लोग हाईवे क्रॉस कर डीएमई पर पहुंचते थे। इसके साथ ही चालक भी डीएमई के बीच बस खड़ी कर सवारी बैठाते और उतारते थे। अब ऐसा नहीं होगा। अवैध स्टैंड पर पुलिसबल तैनात किया गया है। साथ ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने डिवाइडर पर लोहे की रेलिंग लगा दी है। इससे हादसों में कमी आएगी।
डीएमई पर हुए प्रमुख हादसे
15 जून 2024 को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कैंटर में ट्रक ने टक्कर मार दी। कैंटर में हरियाणा से हरदोई जा रहे ईंट भट्ठों के कामगार सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
-31 मार्च 2024 को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एबीईएस कालेज के सामने एक डंपर से स्कूली बच्चों से भरी कार की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में ड्राइवर और दो बच्चों की मौत हो गई थी। नौ बच्चे घायल हो गए थे। दोनों वाहनों की गति अधिक थी।
-30 सितंबर 2024 दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मसूरी क्षेत्र में हवा हवाई रेस्टोरेंट के सामने सुबह तीन बजे साइड में खड़े ट्रॉले से स्कूटी टकरा गई। हादसे में स्कूटी सवार तीन दोस्तों बिट्टू उर्फ विकास व अंशु उर्फ मनमोहन और विपिन भट्ट की मौत हो गई थी।
-25 फरवरी 2025 को मुरादनगर क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पांच कांवड़ियों को लग्जरी कार ने कुचल दिया। हादसे में फरीदाबाद के महमूदपुर गांव निवासी तीन लोगों की मौत हो गईस जिसमें दो सगे भाई थे।
-11 जुलाई 2023 को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर विपरीत दिशा में जा रही स्कूल बस ने कार में टक्कर मार दी थी। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी। बस कई किमी तक विपरीत दिशा में तेज गति से दौड़ी थी।