एक अक्तूबर से रेलवे का नया टाइम टेबल तो लागू हो गया, लेकिन रेलवे स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड अभी भी ट्रेनों का पुराना समय दर्शाकर यात्रियों को गुमराह कर रहे हैं। त्योहारों की लगातार छुट्टियां शुरू हुई तो अधिकारी भी इन बोर्ड पर ट्रेनों का समय अपडेट कराना भूल गए। ऐसे में यात्री परेशान हैं। उनकी ट्रेनें छूट रही हैं।
एक अक्तूबर से लागू हुए नए टाइम टेबल के साथ-साथ उसी तारीख से रेलवे स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड भी अपडेट हो जाने चाहिए थे। 12 दिन तक अधिकारियों ने इन डिस्प्ले बोर्ड को अपडेट करने की सुध ही नहीं ली। इसके चलते त्योहारी सीजन में परेशानी यात्रियों को झेलनी पड़ी।
यात्रियों ने शिकायतें की तो अब 12 दिन बाद बुधवार से इन बोर्ड पर ट्रेनों का टाइम बदलने का काम शुरू किया गया। बुधवार को पूछताछ काउंटर के पास लगे बोर्ड पर ट्रेनों का समय अपडेट किया गया। हालांकि अभी प्लेटफार्म नंबर-3/4 और आरक्षण केंद्र में लगे बोर्ड अपडेट नहीं किए गए।
इन सभी बोर्ड को अपडेट करने में अभी करीब दो दिन और लगेंगे। तब तक यात्रियों को या तो पूछताछ केंद्र से ट्रेनों का समय पूछना पड़ेगा या इंटरनेट का सहारा लेना पड़ेगा।
बोर्ड और ट्रेनों के समय में अंतर
फैजाबाद-दिल्ली पैसेंजर पहले सुबह 8:55 बजे गाजियाबाद स्टेशन पर आती थी, अब नए शेड्यूल के मुताबिक यह ट्रेन सुबह 4:55 बजे गाजियाबाद पहुंच रही है। मुंबई से अमृतसर जाने वाली गोल्डन टैंपल पहले रात 8:10 बजे गाजियाबाद पहुंचती थी अब यह ट्रेन 20 मिनट पहले 7:50 बजे पहुंच रही है।
दिल्ली-फैजाबाद पैसेंजर का गाजियाबाद पहुंचने का समय भी 19:20 से घटकर 19:05 बजे हो गया है। वहीं छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का समय 21:10 बजे से बढ़कर 21:33 बजे हो गया है। इनके अलावा अन्य कई ट्रेनों का समय भी बदला है, लेकिन रेलवे के डिस्प्ले बोर्ड में अभी पुराना समय ही दर्शाया जा रहा है।