गाजियाबाद। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर शनिवार तड़के अयोध्या कैंट से दिल्ली जा रही अयोध्या एक्सप्रेस (14205) से उतरते समय एक यात्री का पैर फिसल गया। वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरकर घायल हो गया। गनीमत रही कि समय रहते उसे संभाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के चलते ट्रेन करीब छह मिनट की देरी से रवाना हुई।
आरपीएफ प्रभारी अब्दुल लतीफ ने बताया कि अंबेडकरनगर जिले के थाना सिटी क्षेत्र स्थित ग्राम इतवा निवासी कालिका प्रसाद (35) पुत्र राम निवास अपने पिता और चाचा के साथ अयोध्या कैंट से दिल्ली जाने के लिए सामान्य टिकट पर अयोध्या एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। शनिवार तड़के करीब पौने पांच बजे जब ट्रेन गाजियाबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर पहुंची, तो उतरते समय कालिका प्रसाद का पैर अचानक फिसल गया। वह असंतुलित होकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की जगह में जा गिरे। रगड़ लगने के कारण उनकी कमर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर रेलवे हेल्थ यूनिट के डॉ. आदित्य सोहता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद सुबह करीब 5:30 बजे परिजन 108 एंबुलेंस की मदद से घायल कालिका प्रसाद को बेहतर उपचार के लिए जिला एमएमजी अस्पताल ले गए।
अयोध्या एक्सप्रेस को अपने निर्धारित समय सुबह 4:24 बजे गाजियाबाद से रवाना होना था, लेकिन घटना के चलते ट्रेन छह मिनट की देरी से सुबह 4:30 बजे गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। आरपीएफ मामले की जांच कर रही है।