गाजियाबाद। आरडीसी स्थित नामी कोचिंग सेंटर पर रविवार को 40-50 की संख्या में अभिभावकों व छात्रों ने हंगामा किया। उन्होंने प्रबंधन पर लाखाें की फीस वसूलने के बाद भी कोचिंग सेंटर बंद करने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह अभिभावकों को समझाकर शांत कराया। अभिभावकों ने कार्रवाई की मांग कर डीएम व पुलिस अधिकारियों से शिकायत की।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे कोचिंग सेंटर पर पहुंचे अभिभावकों ने सेंटर प्रभारी का घेराव करते हुए कहा कि छात्रों से लाखों की फीस पहले ही ले ली गई। सेंटर पर पिछले छह माह से शिक्षक नहीं है। उनका वेतन नहीं मिलने से वह छोड़कर चले गए। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान छात्रों का हो रहा है। झूठ बोलकर उनको जेईई की तैयारी कराने व दाखिला दिलाने तक का आश्वासन दिया गया। बार बार कहने के बाद भी उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। अभिभावकों ने फीस लौटाने की मांग की। इसपर सेंटर प्रभारी ने कहा कि इसका निर्णय ऊपरी स्तर से लिया जाएगा। यह बात सुनकर अभिभावक उग्र हो गए। इसके बाद उन्होंने खरी खोटी सुनाई।
इस मौके पर आरती गौतम, स्वेता अरोड़ा, दीप्ती, पीयूष अरोड़ा, अमित गुप्ता, मोहित जिंदल, सौरभ अग्रवाल, प्रवीण जैन आदि अनेक लाेग मौजूद रहे। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।अभिभावकाें से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।