ऑक्सीजन सिलिंडर लदी गाड़ी को अगवा करने वाले
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद के सिहानी गेट थानाक्षेत्र में घूकना मोड़ पर मामूली टक्कर के बाद बोलेरो सवार युवक ने साथियों को बुलाकर ऑक्सीजन सिलिंडर से लदी टाटा-407 के चालक को अगवा कर लिया। आरोपियों ने चालक को वसुंधरा स्थिर एक कंस्ट्रक्शन साइट पर ले जाकर पीटा और गाड़ी की चाभी व फाइल लूट ली।
इतना ही नहीं, चालक की पिटाई का वीडियो बनाया और टाटा 407 के मालिक को भेजकर एक लाख रुपये की मांग की। ऑक्सीजन सप्लाई में बाधा पहुंचने की सूचना पर पुलिस में सनसनी फैल गई। पीड़ित चालक की तहरीर पर लूटपाट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने बोलेरो सवार आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे गाड़ी की चाबी और फाइल भी बरामद हो गई है।
पुलिस के मुताबिक एक टाटा-407 गाड़ी रविवार देर रात दिल्ली से ऑक्सीजन का सिलिंडर लेकर अमरोहा के लिए चली थी। गाड़ी चालक समयपुर बादली नई दिल्ली निवासी आमोद के मुताबिक सिहानी गेट थानाक्षेत्र में घूकना कट के पास एक बोलेरो कार ने गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गाड़ियों में नुकसान हो गया।
आमोद का आरोप है कि टक्कर लगने के बाद बोलेरो सवार ने दबंगई दिखाते हुए फोन करके अपने चार-पांच साथियों को बुला लिया। पांच लोग स्कॉर्पियो में आए और उसे अगवा कर वसुंधरा स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट पर ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उससे गाड़ी की चाबी और फाइल लूट ली।