हिंडन के पास अंडर ब्रिज के निर्माण के कारण रेलवे प्रशासन ने बीते मंगलवार की रात 22.50 से सुबह के 3.50 तक मेगा ब्लॉक किया। हालांकि इस अवधि तक कार्य पूरा नहीं हो पाया था, जिस वजह से डेढ़ से दो घंटे समय और बढ़ाया गया। ब्लॉक के चलते करीब 50 ट्रेनें प्रभावित हुई।
आवाजाही के लिए हिंडन के पास रेलवे ट्रैक के नीचे अंडर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। डीटीएम देवेश चोपड़ा ने बताया कि अंडर ब्रिज के निर्माण में कोई परेशानी न हो इसलिए मेगा ब्लॉक किया गया था।
यह ब्लॉक तीसरी और चौथी लाइन में किया गया। ब्लॉक वैसे तो मंगलवार रात 22.50 से अगले दिन सुबह के 3.50 तक था, लेकिन तय समय पर काम पूरा नहीं हो पाया। जिस वजह से चौथी लाइन सुबह 5 बजे और तीसरी लाइन पर सुबह 6.35 बजे तक कार्य किया गया।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक के चलते राजधानी, गरीब रथ, शताब्दी, एक्सप्रेस और लोकल ट्रेने प्रभावित हुईं। सभी ट्रेनों की स्पीड ब्रिज के पास 10 किलोमीटर निर्धारित की गई है। आने वाले कुछ दिनों तक ट्रेनें प्रभावित होंगी और अपने गंतव्य स्थान पर 15 से 20 मिनट देरी से पहुंचेंगी।