संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद/मसूरी। मसूरी थाना क्षेत्र के डासना देहात स्थित कल्लूगढ़ी रेलवे फाटक के पास रविवार देर रात बेकाबू कैंटर ने सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे पिता-पुत्र को रौंद दिया। हादसे में 13 वर्षीय अकरम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता जस्सर बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद चालक कैंटर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जस्सर परिवार के साथ अकसा कॉलोनी, कल्लूगढ़ी में किराये के मकान में रहते हैं। वह रेलवे फाटक के पास वाहनों के टायरों में पंचर लगाते हैं। रविवार रात जस्सर और उनका बड़ा बेटा अकरम (13) खोखे के बाहर चारपाई बिछाकर सो रहे थे। देर रात करीब एक से दो बजे के बीच तेज रफ्तार कैंटर ने चारपाई में जोरदार टक्कर मार दी। अकरम कैंटर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के दौरान जस्सर चारपाई से नीचे गिर गए और उनकी जान बच गई।
अकरम स्थानीय एलीगेंट स्कूल में पढ़ता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जस्सर ने बताया कि अकरम पढ़ाई में काफी होनहार था। वह बड़ा होकर इंजीनियर बनने की बात कहता था। इस हादसे ने परिवार का सपना अधूरा छोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसीपी सुनील कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कैंटर और उसके चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होते ही आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।