खोड़ा। अमरोहा के रेहरा थानाक्षेत्र स्थित हसनपुर के गंगवार गांव निवासी लियाकत ने नौ लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए खोड़ा के लोकप्रिय विहार निवासी कारोबारी बबलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि बबलू ने जनवरी महीने में उनकी फर्म से 17 लाख का सामान मंगाया था। इनमें से केवल आठ लाख रुपये का ही भुगतान किया, बाकी चुकाने से इंकार करते हुए धमकी दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
लियाकत अमरोहा स्थित सैफी इंटीरियर एंड वुड वर्क फर्म के मालिक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक जनवरी 2025 को खोड़ा स्थित हिंद इंटरप्राइजेज के मालिक बबलू ने 16,30,778 रुपये का लकड़ी का सामान खरीदा था। इस सामान के पक्के बिल भी दिए थे। वहीं बिना बिल के 39,400 रुपये का सामान भी दिया गया। साथ ही सामान पहुंचाने का किराया 30,000 रुपये भी उन्हीं ने भुगतान किए।
कुल मिलाकर बबलू पर उनकी 17,00,178 रुपये की लेनदारी थी। इसमें से आरोपी ने आठ लाख रुपये का भुगतान तो कर दिया लेकिन बकाया 9,00,178 रुपये चुकाने से इंकार कर दिया। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।