मोदीनगर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआइआर) में लापरवाही बरतने पर निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने 13 बीएलओ का वेतन रोकने का आदेश दिया है। ये बीएलओ रविवार को अपने-अपने बूथों से गैर हाजिर थे। मामला जानकारी में आने पर निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी को पत्र लिखकर 13 बीएलओ का वेतन रोकने का आदेश दिया।
निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि रविवार को कस्बा निवाड़ी मे पांच, गोविंदपुरी में अलग-अलग बूथ पर दो और नगर के रेलवे रोड व गांव इशाकनगर, तलहैटा, भदौला, पट्टी और भोजपुर स्थित बूथ के एक-एक बीएलओ गैर हाजिर मिले। उन्होने बेसिक शिक्षा अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी को पत्र लिखकर प्रियंका, कमलेश, इंदु, ललिता गोस्वामी, ममता देवी, लता, अंजू बालियान, ममता शर्मा, राजेश कुमार, रविंद्र कुमार, पारुल, रजनी और शशि शर्मा का अगले आदेश तक वेतन रोकने का आदेश दिया। मोदीनगर विधानसभा-57 के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाशत नहीं की जाएगी।