इंदिरापुरम। कनावनी गांव के पास प्रस्तावित डंपिंग यार्ड को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। ग्रामीणों और आसपास की कॉलोनियों के हजारों निवासियों ने घनी आबादी के बीच पूरे शहर का कचरा डंप करने की योजना पर विरोध-प्रर्दशन किया। लोगों की मांग है कि इसे तुरंत निरस्त किया जाए। इससे पर्यावरण प्रदूषण बढ़ेगा और बच्चों, बुजुर्गों समेत अन्य लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए क्षेत्र में कई स्थानों पर बैनर लगाए हैं, जिन पर कनावनी को कूड़ाघर नहीं बनने देंगे जैसे संदेश लिखे गए हैं। वहीं कई आपत्तियां जिलाधिकारी के समक्ष भी रखीं, लेकिन अब तक कोई आश्वासन नहीं मिला। वहीं निवासी लोकेश ने बताया कि लोग दस अधिक आरजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा चुके हैं। उनका कहना है कि प्रस्तावित स्थल के आसपास आवासीय कॉलोनियां, विद्यालय और अनाथ आश्रम मौजूद हैं, जिससे दुर्गंध, हवा व भूजल प्रदूषण व संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही, संपत्तियों के मूल्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि डंपिंग यार्ड के लिए घनी आबादी से दूर स्थान का चयन किया जाए। वहीं लोगों ने चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द निर्णय नहीं बदला गया तो महापंचायत, धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम आंदोलन शुरू किए जाएंगे।