गाजियाबाद। वार्षिक प्रणाली के अंतर्गत संचालित संस्थागत और व्यक्तिगत पाठ्यक्रमों की मुख्य और बैक परीक्षा देने वाले छात्र विलंब शुल्क के साथ आज से परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। आठ फरवरी तक फाॅर्म भरने वालों को 250 और नौ से 11 फरवरी तक फॉर्म भरने वालों को दोगुनी यानी 500 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
संस्थागत और व्यक्तिगत पाठ्यक्रमों की मुख्य व बैक परीक्षा के फॉर्म भरने के लिए पोर्टल वैसे तो 15 जनवरी से खोला गया था। इसकी अंतिम तारीख भी घोषित की गई थी, लेकिन अधिकांश छात्र परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह गए थे। इसलिए यूनिवर्सिटी ने दोबारा से पोर्टल को सक्रिय किया और इसके लिए पांच फरवरी की तारीख घोषित की है। सीसीएसयू के परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि ऐसे छात्र जो पांच फरवरी तक भी परीक्षा फाॅर्म नहीं भर सके, वह आज से आठ फरवरी तक 250 रुपये शुल्क जमा करके फॉर्म भर सकते हैं और इसके बाद परीक्षा फॉर्म भरने वालों को 500 रुपये शुल्क जमा करना होगा। यह मौका केवल 11 फरवरी तक मिलेगा।
कॉलेज 14 फरवरी को भरे गए परीक्षा फॉर्म का सत्यापन करेंगे और 16 फरवरी को यूनिवर्सिटी में एनआर के साथ प्रपत्रों को जमा करना होगा। यूनिवर्सिटी ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्नातक स्तरीय संस्थागत बीए, बीएससी, बीकॉम पाठ्यक्रम सत्र 2021-2022 से एनईपी 2020 सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में वार्षिक प्रणाली के संदर्भित पाठ्यक्रमों में केवल सत्र 2020-21 एवं उससे पूर्व दाखिला लेने वाले छात्र योग्यतानुसार परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पात्र होंगे।
व्यावसायिक परास्नातक पाठयक्रमों का परीक्षा कार्यक्रम जारी
सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में संचालित व्यावसायिक परास्नातक पाठ्यक्रम के पहले सेमेस्टर की परीक्षा का कार्यक्रम यूनिवर्सिटी ने जारी कर दिया। पहली परीक्षा 11 फरवरी को होगी। इसको लेकर परीक्षा केंद्रों को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। छात्र यूनिवर्सिटी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर परीक्षा कार्यक्रम डाउनलोड कर सकते हैं।