शनिवार दोपहर करीब दो बजे नगर के फफराना मार्ग स्थित जनता कॉलोनी का रहने वाला राहुल भारद्वाज थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि साहब मैंने अपनी मां मधु शर्मा की धारदार हथियार दरांत से गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिसकर्मी राहुल शर्मा की बात सुनकर सकते में आ गए।
एसएचओ मोदीनगर आनंद प्रकाश मिश्रा आरोपी को हिरासत में लेकर मकान पर पहुंचे। पुलिस ने राहुल से चाबी लेकर मकान का ताला खोला तो वहां कमरे के बाहर मधु शर्मा का खून से सना शव पड़ा था।
एसीसी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि राहुल भारद्वाज इकलौता पुत्र है, उसकी पांच बहनें हैं। पिता वेद प्रकाश एक्साइज में एएसआई थे। नौकरी के दौरान वेदप्रकाश की मौत हो गई थी। घर पर मधु शर्मा, राहुल भारद्वाज और उसकी पत्नी रहती है। आरोपी राहुल मकान और मां की पेंशन के पैसे को लेकर झगड़ा करता था। गृह क्लेश के कारण राहुल ने दरांत और चाकू से गला रेतकर मां मधु शर्मा की हत्या कर दी।