जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश देती मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य एवं अन्य। स
बुलंदशहर। जिला महिला चिकित्सालय का शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर गंदगी दिखाई दी। साथ ही जच्चा-बच्चा के पास दो से अधिक तीमारदार बैठे नजर आए। प्रधानाचार्य ने वार्ड में एक जच्चा के साथ एक तीमारदार को प्रवेश देने एवं परिसर की नियमित साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. मनीषा जिंदल ने शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एमएनसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। इसके बाद एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण। निरीक्षण के दौरान वार्ड के बाहर गंदगी नजर आई।
इसके बाद तृतीय तल पर पीएनसी वार्ड का निरीक्षण किया तो वार्ड में जच्चा-बच्चा के पास दो से अधिक तीमारदार बैठे नजर आए। साथ ही सफाई व्यवस्था बदहाल मिली। इसको लेकर प्रधानाचार्य ने नाराजगी जाहिर की। कहा कि वार्ड में एक ही तीमारदार को प्रवेश दिया जाए और परिसर की समय-समय पर साफ-सफाई की जाए। इस दौरान ओएसडी डॉ. विनोद कुमार, नोडल अधिकारी डॉ. रोहित वार्ष्णेय, डॉ. धीर सिंह समेत अन्य स्वास्थ्य अफसर मौजूद रहे।