फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: आज शाम को सूर्य को अर्घ्य देने घाट पर पहुंचेंगे एक लाख लोग

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

साहिबाबाद। हिंडन घाट पर छठ तैयारियां जोरों पर हैं और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे घाट को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर दिया गया है। श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए चेजिंग रूम की रंगाई-पुताई का काम भी अंतिम चरण में है। शनिवार को हिंडन में जल स्तर बढ़ा तो पहले की गंदगी बह गई है। इससे घाट तक पानी पहुंच गया है। रविवार को यहां करीब एक लाख से अधिक लोग अस्तांचल सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचेंगे।
हिंडन घाट के साथ ही शहर के 79 अस्थायी छठ घाटों पर भी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। हिंडन घाट को शुक्रवार शाम ही रंग-बिरंगी लाइटों से रोशन कर दिया गया और शनिवार को बैरीकेडिंग कर दी गई। श्रद्धालुओं के लिए चेजिंग रूम, सेल्फी प्वाइंट और सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। शाम तक श्रद्धालु अपने-अपने वेदियों का रंग-रोगण करते नजर आए और लोग घाटों पर रुके रहे। वहीं, अस्थाई घाटों पर भी लोग सजावट के काम में जुटे रहे। शालीमार गार्डन डबल टंकी छठ घाट पर शनिवार दोपहर तक योजनानुसार टाइल्स न लगाए जाने से महिलाओं ने नाराजगी जताई। एक ओर घर में खरना की तैयारी चल रही हैं वहीं दूसरी ओर घाट पर टाइल्स न लगने से श्रद्धालुओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। इस दौरान पूजा समिति की ओर से ठेकेदार और निगम अधिकारियों को फोन लगाए गए, बाद में जिलाधिकारी से भी इसकी शिकायत की गई। शिकायतों के बाद करीब तीन बजे निगम की ओर से दोबारा टाइल्स लगाए जाने का काम शुरू हुआ, इस दौरान स्थानीय पार्षद राजीव भाटी भी मौजूद रहे।
विज्ञापन


खरना के साथ शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत
लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को खरना की पूजा के साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। व्रतियों ने दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और छठ मैया को गुड़ की खीर, रोटी सहित विभिन्न पकवानों का भोग लगाया। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों में प्रसाद वितरित किया गया। अब रविवार शाम को श्रद्धालु जल में खड़े होकर अस्तांचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। टीएचए के इंदिरापुरम, वैशाली, शालीमार गार्डन, वसुंधरा और खोड़ा सहित विभिन्न इलाकों में छठ महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह व्रतियों ने स्नान कर सूर्य की उपासना की। मान्यता के अनुसार खरना का प्रसाद ग्रहण करते समय विशेष नियमों का पालन किया जाता है। वहीं, सुपरटेक आइकन के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने बताया कि सोसायटी में खरना का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करते समय व्रती मौन रहते हैं और दोबारा भोजन नहीं मांगते हैं। वहीं, इंदिरापुरम की शिप्रा सनसिटी फेज-वन में भी खीर और रोटी का प्रसाद वितरित किया गया। पूर्वांचल छठ पूजा समिति वैशाली के महासचिव सुभाष सिंह ने बताया कि मकनपुर पुलिया के पास हरनंदी घाट पर छठ पूजा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां पूजा का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। पूर्वांचल कालिदास नवयुवक विकास समिति की ओर से शालीमार गार्डन में खरना के प्रसाद का वितरण किया गया।

आज संध्या और कल सुबह देंगे अर्घ्य

आज शाम को श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर एकत्र होकर छठ मैया की पूजा करेंगे और डूबते सूर्य को गंगाजल से अर्घ्य देंगे। इसके बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूध और जल अर्पित कर चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन करेंगे। प्रात:कालीन अर्घ्य के बाद व्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण करेंगे।
-

(फोटो)
खोड़ा हिंडन घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का अपर पुलिस आयुक्त ने लिया जायजा

खोड़ा। छठ महापर्व के मद्देनजर खोड़ा हिंडन घाट पर शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी ने फोर्स के साथ घाट का दौरा कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाट पर सुरक्षा इंतजाम, श्रद्धालुओं की आवाजाही और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्व के दौरान सतर्कता और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। निरीक्षण के दौरान छठ पूजा समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
विज्ञापन



-



गाजियाबाद के छठ घाटों के लिए देवप्रयाग से गंगाजल रवाना

साहिबाबाद। छठ महापर्व के अवसर पर समाजसेवी अमित किशोर के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम आज देवप्रयाग से पवित्र गंगाजल लेकर गाजियाबाद के लिए रवाना हुई। यह गंगाजल रविवार को टीएचए के 10 से 12 छठ घाटों के कुंडों में मिलाया जाएगा। यह गंगाजल सेवा अभियान लगातार पांचवें वर्ष जारी है। लगभग 120 लीटर गंगाजल लाया जा रहा है। इसका उद्देश्य छठ व्रती माताओं और बहनों को भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने में सुविधा देना है। उन्होंने वर्ष 2022 में अपनी पुत्री के जन्म के समय यह संकल्प लिया था। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें