संवाद न्यूज एजेंसी
कुचेसर चौपला। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अन्तर्गत कुचेसर रोड चौपला के पुराने हाईवे 09 पर गांव शाहपुर जट्ट मोड के पास शुक्रवार को तीन बाइकों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा था।
गांव रसूलपुर बहलोलपुर निवासी पुष्पेंद्र (34 वर्ष) पुत्र रामसिंह पुराने हाइवे पर शाहपुर जट्ट गांव के पास टायर पंक्चर की दुकान करता था। शुक्रवार को वह किसी कार्य से बाइक लेकर कुचेसर चौपला आ रहा था। तभी कुछ दूरी पर ही तेज रफ्तार बाइकों से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। जिसमें पुष्पेंद्र सहित चार युवक घायल हो गए थे।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी प्रकार राहगीरों की मदद से पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अन्य घायलों की पहचान गांव मारकपुर निवासी अर्पित, देव और गांव उपैड़ा निवासी लक्ष्मण के रूप में हुई। लेकिन उपचार के दौरान पुष्पेंद्र की मौत हो गई। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जबकि परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। मृतक के तीन छोटे छोटे बच्चे हैं। पत्नी का रो रोकर बुरा हाल था।