गाजियाबाद। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ पीड़ित परिवारों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पहला हादसा सिहानी गेट क्षेत्र के आरडीसी फ्लाईओवर पर पांच अक्तूबर की रात हुआ था, जबकि दूसरा हादसा 30 सितंबर को क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में तिगरी गोलचक्कर के पास हुआ।
आरडीसी फ्लाईओवर पर स्कूटी में मारी टक्कर
मोदीनगर निवासी अभिषेक कुमार के मुताबिक, उनके चाचा देवेंद्र कुमार पांच अक्तूबर की रात करीब पौने 11 बजे स्कूटी से हापुड़ की ओर से मोहननगर जा रहे थे। वह जैसे ही सिहानी गेट क्षेत्र में आरडीसी फ्लाईओवर पर पहुंचे, पीछे से आए अज्ञात वाहन के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। उन्हें उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बेटे को स्कूल छोड़कर जा रहे पिता को मारी टक्कर
शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-दो निवासी रति शर्मा ने शिकायत में बताया कि उनके 48 वर्षीय पति राजेश शर्मा ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित मून बेवरेजेज कंपनी में काम करते हैं। 30 सितंबर की सुबह करीब सवा आठ बजे वह बेटे युग शर्मा को स्कूल छोड़ने के बाद बाइक से कंपनी जा रहे थे। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में तिगरी गोलचक्कर के पास अज्ञात वाहन चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राजेश के सिर और पेट में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गए।एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।